बिजनौर । निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के आशियाना बनवाने में प्रदेश सरकार सहायता करेगी। इसके लिए आवास सहायता योजना शुरू की गई है। इस योजना के अंतर्गत श्रम विभाग में रजिस्टर्ड श्रमिकों को डेढ़ लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
श्रमिकों के उत्थान के लिए प्रदेश सरकार की ओर से अनेक योजनाओं का संचालन किया जाता है। श्रम विभाग में रजिस्टर्ड निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक इन योजनाओं के लिए आवेदन करके योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं। बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक सहायता से लेकर श्रमिकों को पेंशन आदि में इन योजनाओं के जरिए सहयोग किया जाता है। करीब तीन साल पहले प्रदेश सरकार ने श्रमिकों की सहायता के लिए आवास सहायता योजना शुरू की थी, लेकिन ज्यादा आवेदन नहीं आने के कारण इसे बंद कर दिया गया। अब फिर से यह योजना शुरू की गई है। योजना में आवास बनाने के लिए श्रमिकों को डेढ़ लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी। दो बार में यह रकम श्रमिक के खाते में भेजी जाएगी। सहायक श्रमायुक्त वंदना के मुताबिक निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के लिए आवास सहायता योजना शुरू की गई है। विभाग में रजिस्टर्ड श्रमिक योजना का लाभ उठा सकते हैं।