फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में पूर्वांचल की बड़ी खबरें: चुनाव निरस्तीकरण पर हाईकोर्ट की रोक, कोच अटेंडेंट ने युवती से की छेड़खानी

Sun, 27 Oct 2024 04:40 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : पूर्वांचल में रविवार को छोटी-बड़ी काफी खबरें रहीं। आजमगढ़, मऊ, मिर्जापुर समेत विभिन्न जिलों की खास खबरों के लिए आगे बढ़ते रहे।
विज्ञापन
पूर्वांचल की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आदर्श नगर पंचायत मनियर की चेयरमैन रितु देवी के चुनाव को रद्द किए जाने के जिला जज बलिया के फैसले पर छह नवंबर तक रोक लगा दी है। यह आदेश न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की विशेष पीठ ने बीती देर शाम दिया। रितु देवी की निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की बुचिया देवी ने चुनाव याचिका दाखिल कर उनके जन्म प्रमाणपत्र पर आपत्ति उठाई थी।

विज्ञापन


आरोप लगाया था कि रितु देवी ने फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ी हैं। उनकी उम्र 30 साल नहीं है। उन्होंने जिला अधिकारी बलिया को भी शिकायती पत्र भेजा था। इसका संज्ञान लेकर डीएम बलिया ने जांच कराई थी, जिसमें आरोप सही पाए गए। उसके बाद तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीराम सिंह ने रितु देवी के खिलाफ कोतवाली बलिया में मुकदमा भी पंजीकृत कराया था।

जिला जज ने 23 अक्तूबर को चुनाव याचिका स्वीकार करते हुए रितु के चुनाव को रद्द कर बुचिया देवी को नगर पंचायत का चेयरमैन घोषित कर दिया था। साथ ही आदेश की प्रति जिला निर्वाचन कार्यालय और उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग को भेजे जाने का निर्देश भी दिया था। रितु देवी ने जिला जज के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। मुख्य न्यायाधीश के आदेश गठित एकल पीठ ने शनिवार की शाम जिला जज के आदेश पर रोक लगा दी है। अब मामले की सुनवाई छह नवंबर को होगी। 

विज्ञापन

फर्जी डिग्री लगाकर सेना में भर्ती होने का आरोपी गिरफ्तार
फर्जी डिग्री लगाकर सेना में भर्ती होने के आरोप में शनिवार को बाड़ा निवासी विजय बहादुर यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। फर्जी डिग्री के सहारे ही विजय बहादुर वर्ष 2004 में सेना में कुक के पद पर भर्ती हो गया था। 

सेना के अधिकारियों को संदेह हुआ और छानबीन शुरू की तो वह नौकरी छोड़कर घर आ गया। बाद में पड़ोसियों से विवाद हुआ तो मामला थाने पहुंच गया। पड़ोसियों ने फर्जीवाड़े की शिकायत स्थानीय थाने की पुलिस से कर दी। पुलिस ने जांच की और मामला सही पाए जाने पर वर्ष 2019  में विजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की विवेचना हुई। आरोपी की तलाश की जा रही थी। शनिवार को सूचना मिली कि आरोपी कोपागंज रेलवे क्रॉसिंग के पास है। वह कहीं भागने का प्रयास कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया।

कोच अटेंडेंट ने ट्रेन में युवती से की छेड़खानी
बलिया के छपरा रूट पर चलती ट्रेन में एक युवती यात्री के साथ छेड़खानी के प्रयास की घटना हुई है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर रेल पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है। बिहार के मोतीहारी निवासी युवती ने रेल पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 22 अक्तूबर को वाराणसी से मुजफ्फरपुर जाने के लिए 15232 गोदिया-बरौनी एक्सप्रेस में सवार थी। यात्रा के दौरान ट्रेन में सो रही थी। 

छेड़खानी के दोषी को तीन साल की सजा
मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल पहले स्कूल से घर लौटते समय छात्रा से छेड़खानी करने के आरोपी को न्यायालय ने दोषी ठहराते हुए तीन साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही दो हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है।

अहरौरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने तीन मई 2018 को तहरीर देकर बताया कि एक युवक उसकी नाबालिग पुत्री को स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में पीछा कर छेड़खानी व मारपीट करता है। पुलिस ने गवाहों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर गवाही कराई। न्यायालय विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट ने आरोपी मंगल को दोषी ठहराते हुए तीन साल के कारावास की सजा सुनाई। 

पूर्व मुख्य सचिव बने शिक्षक, बच्चों ने सुनाईं कविताएं और पहाड़ा
पहाड़ीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र शिक्षक की भूमिका में नजर आए। बच्चों ने उन्हें हिंदी की कविता रोज नहा कर खाना खाते, खाना खाकर पढ़ने जाते सुनाई तो उन्होंने ताली बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। बच्चों ने इंग्लिश में भी कविता सुनाई। उन्होंने एक बच्चे से 17 का पहाड़ा पढ़वाया। 

साथ ही दूसरे बच्चों से उसे दोहराने को कहा। बीच में बच्चों के भूलने पर वह स्वयं पहाड़ा बताते हुए नजर आए। बच्चों के पठन-पाठन से प्रभावित पूर्व मुख्य सचिव बार-बार ताली बजाकर प्रोत्साहित करते रहे। उसके बाद इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज में आयोजित आधुनिक शिक्षा एवं आधुनिक जीवन के मूल मंत्र विषयक व्याख्यान में गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज मारूफपुर के बच्चों से कहा कि जीवन में अनुशासन का बहुत महत्व है।

स्वयं का उदाहरण देते हुए बताया कि जीवन की यात्रा में आज भी वह सीखने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1983 में आईआईटी कानपुर से बीटेक करने के बाद अपने पढ़ाई को बंद करने के बजाय विदेश से जाकर एमबीए, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया। नई शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पहले के बच्चों को रटना होता था, अब बच्चों को निपुण बनाया जा रहा है। प्राइमरी स्कूल के बच्चों को तकनीकी शिक्षा दिया जा रहा है। 

भूमि अधिग्रहण मामले में मिर्जापुर की डीएम को अवमानना नोटिस
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे पर निर्णय लेने के आदेश का पालन नहीं करने पर मिर्जापुर की डीएम प्रियंका निरंजन के खिलाफ अवमानना नोटिस जारी किया है। यह आदेश न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की अदालत ने चंद्रावती की अवमानना याचिका पर दिया है। 

याची के अधिवक्ता आदर्श शुक्ल एवं सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने दलील दी कि याची की जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग-76 के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहीत की गई। लेकिन, उसका मुआवजा नहीं दिया गया। डीएम और भूमि अध्याप्ति अधिकारी को अर्जी देने पर भी सुनवाई नहीं हुई। इसके खिलाफ याची ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट ने 12 दिसंबर 2023 डीएम को मुआवजे के संदर्भ में दो सप्ताह में निर्णय लेने का आदेश दिया था। लेकिन पालन नहीं किया गया। 

अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा
इलाज के दौरान एक नर्सिंग होम में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया। सिधारी थाना क्षेत्र के सिधारी स्थित शारदा हॉस्पिटल में शनिवार की सुबह मरीज युवक की मौत के बाद उसके साथियों और परिजनों ने तोड़फोड़ की और स्टाफ के साथ मारपीट की गई। अस्पताल में भगदड़ की स्थिति रही। सूचना पर पहुंची सिधारी थाना पुलिस से भी परिजन भिड़ गए। 

लापता व्यक्ति के स्थान पर दूसरे को खड़ा कर कराया बैनामा, चार नामजद
आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जमीन मेघई गांव निवासी तनय सिंह पुत्र मारकंडेय सिंह ने जीयनपुर कोतवाली पुलिस में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनके लापता हुए चाचा के स्थान पर दूसरे व्यक्ति को खड़ाकर उनकी जमीन का फर्जी बैनामा करा दिया गया है। पुलिस ने तहरीर पर चार लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। 

तनय सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके सगे चाचा तेजबहादुर पुत्र शिवपूजन सिंह हैं। 1985 में तेजबहादुर सिंह की मानसिक स्थिति ठीक न होने पर मेंटल हास्पिटल रांची में भर्ती कराया गया था। 1985 में ही वह हास्पिटल से गायब हो गए और आज तक उनका पता नहीं चला। शमशाद पुत्र जब्बार साकिन बरडीहा (अतरकच्छा) थाना जीयनपुर जो बैनामा कराना व बेचने का धंधा करता है। उसने नगर पंचायत अजमतगढ़ के मछली शहर वार्ड के निवासी फागू पुत्र लोचन को खड़ा कर फर्जी आधार कार्ड बनवाया। 

मामी से शादी के लिए पेड़ पर चढ़ा युवक
बेरूआरबारी(बलिया)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह एक युवा, अपनी सगी मामी से शादी करने की जिद पर अड़ गया। मामी से शादी करने के लिए कहने लगा। शादी नहीं कराने पर जान देने की धमकी दी। किसी ने पुलिस को डायल 112 पर फोन कर बुलाया। पुलिस और परिजनों  ने घंटों प्रयास के बाद युवक को पेड़ से नीचे उतारा। इस बीच ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। 

मालगाड़ी पर लदे कोयले में लगी आग
रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म-8 पर खड़ी मालगाड़ी के कोयले में शनिवार शाम आग लग गई। बोगी से धुंआ निकलता देख स्टेशन पर हड़कंप मच गया। आनन फानन कर्मचारियों ने पानी डाल कर आग बुझाई। आग बुझने के दो घंटे बाद मालगाड़ी रवाना हुई। धनबाद से कोयला लेकर मालगाड़ी का रैंक रायबरेली ऊंचाहार एनटीपीसी जा रहा था। मालगाड़ी का रैक शनिवार प्लेटफाॅर्म-8 पर खड़ी हुई।

लंदन से इलाज कराकर लौटी महिला की हादसे में मौत
अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार को खड़े डंपर में मर्सिडीज़ कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसेक परखच्चे उड़ गए। इस दौरान कार सवार चालक समेत पति-पत्नी व पुत्र घायल हो गये। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां महिला की मौत हो गई। महिला लंदन से उपचार कराकर पटना स्थित अपने घर परिवार के साथ वापस लौट रही थी।

अश्लील फोटो बनाकर किया वायरल, मुकदमा   
गौराबादशाहपुर थानाक्षेत्र के एक गांव की किशोरी का अश्लील फोटो उसी गांव के रिश्तेदारी युवकों ने बनाकर वायरल कर दिया है। किशोरी के पिता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। किशोरी के पिता ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसके गांव की रिश्तेदारी के कुछ युवकों ने उसकी 16 वर्षीय बेटी की अश्लील तस्वीर बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी है।

मना करने पर गालीगलौज करते हैं और धमकी दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने शुक्रवार रात अमित सोनकर, शशिकांत सोनकर, रोमा सोनकर और रामचंद्र सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर राजाराम द्विवेदी ने बताया कि मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

अश्लील हरकत करने पर ग्रामीणों ने  शिक्षक को पीटा
रौनापार थाना क्षेत्र के एक कंपोजिट विद्यालय में छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने वाले एक शिक्षक की पिटाई कर दी। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और शिक्षक को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक अभिभावकों व शिक्षक के बीच पंचायत होती रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक छात्रा पास के कंपोजिट विद्यालय में पढ़ाई करती है। आरोप था कि एक शिक्षक द्वारा छात्रा के साथ अश्लील हरकत की जाती थी। 

32000 रुपये की 160 किलो बर्फी नष्ट कराई
खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान से 32000 रुपये मूल्य की 160 किलोग्राम खराब बर्फी नष्ट कराई। साथ ही शीतल पेय की दुकान से 17000 रुपये मूल्य की एक्सपायरी शीतल पेय की बोतलेंं व पैकेट को नष्ट कराया। 

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डा. मंजुला सिंह के नेतृत्व में दीपावली त्योहारों के अवसर पर शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान चलाया गया है। शनिवार को नगर क्षेत्र स्थित मिठाई के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। नगर क्षेत्र के माखन भोग प्रतिष्ठान के निर्माण कारखाने की जांच की गई। 

प्रतिष्ठान में लाइसेंस पाया गया तथा परिसर में उपस्थित कर्मचारियों का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र नहीं पाया गया। वहां से छेना खोया व मिठाई के तीन नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने पूजा इंटरप्राइजेज की जांच पड़ताल की। मौके पर रखाव उचित नहीं पाया गया। प्रतिष्ठान में काफी मात्रा में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक मिली। जिस पर टीम ने एक नमूना संग्रहित करते हुए लगभग 17000 रुपये मूल्य की एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें व पैकेट नष्ट कराया।

साथ ही कारोबारी से कहा गया कि एक्सपायरी सेक्शन अलग बना कर वापस किए जाने वाले कोलड्रिंक का अभिलेखीकरण सुनिश्चित करें अन्यथा की दशा में लाइसेंस निलंबित किया जाएगा। इसके बाद टीम ने शास्त्री सेतु स्थित मिठाई की प्रतिष्ठानों की जांच की। गोपाल स्वीट हाउस से एक बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही 160 किलो बर्फी अनुमानित मूल्य 32000 रुपये खराब होने के कारण नष्ट कराई गई।

साथ ही टीम ने शीतला मंदिर चौराहा स्थित मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की और यादव मिष्ठान से एक छेना मिठाई का एक नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल छह नमूने लेते हुए 49000 रुपये मूल्य की खराब खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एन एन झा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विवेक मौर्य, राजेश मौर्य, रवि शेखर कुशवाहा, संदीप श्रीवास्तव, ओमकार यादव व भैया लाल प्रजापति सम्मिलित रहे।

पुलिस कस्टडी में मौत मामले में शाहगंज थानाध्यक्ष लाइन हाजिर
पुलिस कस्टडी में आरोपी की मौत के मामले में थानाध्यक्ष पर गाज गिर गई है। पुलिस कप्तान डॉ. अजय पाल शर्मा ने थानाध्यक्ष रोहित मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया है। दूसरी ओर एक इंस्पेक्टर और दो सब इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र भी बदले गए हैं। शाहगंज थानाक्षेत्र के बडौना गांव निवासी मटरू बिंद की गत 19 अक्तूबर को पुलिस अभिरक्षा में थाने के शौचालय में फंदे पर लटकने से मौत हो गई थी। घटना को पुलिस ने आत्महत्या बताया था। 

पुलिस अधीक्षक ने विभागीय छानबीन के बाद इस मामले में थाना प्रभारी रोहित मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया है। इनके स्थान पर खेतासराय थानाध्यक्ष दीपेंद्र कुमार को शाहगंज कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है। उधर सुजानगंज थाना प्रभारी घनानंद त्रिपाठी को जलालपुर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उप निरीक्षक राजीव मल्ल को शहर कोतवाली से सुजानगंज थाने का एसओ बनाया गया है। जलालपुर थानाध्यक्ष रामाश्रय राय को खेतासराय थाने का प्रभारी बनाया गया है।  डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए स्थानांतरण किए गए हैं।
विज्ञापन

युवती को बेचने के आरोप में तीन पर मुकदमा दर्ज
आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाने के एक गांव की युवती को राजस्थान में बेचे जाने का आरोप लगाते हुए भाई ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने का चक्कर लगाने के बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई। शनिवार को चुनार कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। युवती के भाई ने बताया कि उसकी 26 वर्षीय बहन एक नेटवर्किंग कंपनी में काम करती थी। 

हत्या के आरोपी दंपती गिरफ्तार
मिर्जापुर के जमालपुर ने गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जमालपुर निवासी दुलारी देवी ने 22 अक्तूबर को तहरीर देर बताया कि मारपीट में उसके पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई। थानाध्यक्ष विजय शंकर सरोज ने बताया कि उप निरीक्षक मो. नशीम खां ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर विजयी व उसकी पत्नी नगीना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें