लालानगर। गोपीगंज थाना क्षेत्र के लाला नगर टोल पर शुक्रवार की देर रात कंटेनर से दबकर औराई के सुलतानापुर निवासी राम कुमार यादव (24) की मौत हो गई। उसकी मई में शादी पड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
औराई के सुल्तानापुर अहिमनपुर निवासी रामकुमार यादव वाहन में फास्टैग लगाकर जीवकोपार्जन करता था। हर रोज की तरह शुक्रवार की रात टोल प्लाजा के समीप खड़ा था। उसी समय सड़क पार करते समय वह कंटेनर की चपेट में आ गया। इससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। चालक कंटेनर छोड़कर भाग गया। पुलिस वाहन को कब्जे में लेकर गोपीगंज थाने आई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाई बहनों मे सबसे छोटा था। परिवार वालों के मुताबिक मई में उसकी शादी भी पड़ी थी। घर वाले शादी की तैयारी में भी जुट गए थे, लेकिन अचानक हुई घटना से पूरा परिवार सदमे में आ गया। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।