ज्ञानपुर। डीघ विकास खंड के छतमी-प्रयागदासपुर गांव के लोगों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए खुली बैठक कराकर कोटे की दुकान चयनित करने की मांग की। डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि अगर दुकान का चयन न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
ग्राम प्रधान लालजी के नेतृत्व में एकजुट ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रशासन पर आरोप लगाया कि कई माह से रिक्त चल रही दुकान को नए सिरे से चलाने के लिए की जा रही मांग पर कर्मचारी स्वयं सहायता समूह को वरीयता देने की कोशिश में हैं। मंगलवार को बैठक भी हुई, लेकिन कर्मचारी एक समूह के नाम प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया गया, जिसका विरोध करने पर कर्मचारियों ने कार्यवाही रजिस्टर को फाड़कर ग्रामीणों को आरोपित कर दिया। जबकि ग्रामीण समूह अंतर्गत चयनित दुकान को मानने से भी इनकार कर रहे हैं।
वर्षों से ब्लॉक कार्यालय में एक ही पटल पर तैनात होकर ग्रामीण विकास में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का ही परिणाम है कि ब्लॉक का कोई भी गांव अभी तक मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त नहीं हो पा रहा है और अब कोटे की दुकानों को लेकर अधिकारी-कर्मचारी मिलीभगत का खुलेआम परिचय देना शुरू दिए हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शीघ्र ही जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग पर उचित कदम नहीं उठाया गया तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में शिवचंद यादव, रमेश यादव, पप्पू यादव, नंदूचंद यादव, श्यामधर पांडेय, रमन यादव, सतई यादव, भरत यादव, प्रदीप कुमार, संदीप गुप्त, आशीष यादव आदि रहे।