भदोही ब्लॉक के जमुनीपुर-अठगवां के निवासियों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सार्वजनिक चकमार्ग बनवाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि ग्राम पंचायत की ओर से चकमार्ग के निर्माण का प्रस्ताव ब्लॉक प्रशासन को नहीं सौंपा गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
ग्रामीण रविंद्र गौड़, जवाहिर गौतम ने कहा कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि समस्याओं के समाधान करने का वादा करते हैं, लेकिन उसके बाद उनका पता नहीं चलता है। तीन दशक से दो किलोमीटर चकमार्ग की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। रमेश, गुनराज, संतोष, बच्चन ने बताया कि ग्रामीण एकमात्र चकनाली से होकर आवागमन करते हैं। शादी समेत अन्य समारोह के दौरान वाहन गांव में नहीं पहुंच पाते हैं। चकनाली के बगल की जमीन पर सार्वजनिक चकमार्ग का प्रस्ताव भेजे जाने तक ग्रामीणों का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में सभाजीत, शैलेंद्र, कप्तान, धीरेंद्र, पंधारी, उमाशंकर, रामलाल, शेरबहादुर, नन्हकू, श्यामधर, शीला देवी आदि शामिल थीं।