प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 11वीं किस्त मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिमला से जारी कर दी। दोपहर बाद किसानों के मोबाइल पर मैसेज आने शुरू हो गए। दो हजार रुपये खाते में आने का मैसेज पहुंचा तो किसानों के चेहरे खिल उठे। ई-केवाईसी कराने वाले डेढ़ लाख किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये एक सप्ताह तक पहुंचेंगे। हालांकि कई किसान अभी भी मैसेज का इंतजार कर रहे हैं।
कर्ज से डूबे किसानों के लिए केंद्र सरकार की ओर से दिसंबर 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरूआत की गई थी। इस योजना में जिले में शुरूआती दौर में तो 1.78 लाख किसान ही पंजीकृत हुए थे, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर दो लाख 26 हजार पहुंच गई। योजना में पात्रता तय करने के लिए तीन माह पूर्व सरकार ने ई-केवाईसी कराने का निर्देश दिया था, लेकिन दो लाख 26 हजार किसानों में से डेढ़ लाख ही ई-केवाईसी करा सके। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 11वीं किस्त की रकम डीबीटी की। बटन दबाते ही किसानों के मोबाइल पर मैसेज आना शुरू हो गए। दोपहर एक बजे से शुरू हुआ मैसेज देर रात तक मोबाइल पर आता रहा। मोबाइल पर दो-दो हजार रुपये पहुंचने का मैसेज आते ही किसान खुशी से झूम उठे। दरवांसी के किसान मो. नसीम, शिवपूजन सिंह और मनीष सिंह ने बताया कि दोपहर दो बजे खाते में दो-दो हजार रुपये आ गए। उसी गांव के ही रामवृक्ष ने कहा कि अभी उनके खाते में पैसा नहीं आया। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने बताया कि सम्मान निधि की रकम पूरे देश में भेजी गई है। एक सप्ताह से लेकर महीने भर में सभी पात्र किसानों के खाते में धनराशि पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी नहीं कराने वाले 76 हजार किसान जल्द करा लें। ताकि जून में ही उनकी 11वीं किस्त भेजी जा सके।