कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को मोढ़ क्षेत्र के जमुनीपुर अठगवा से दो अंतर्जनपदीय बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आकाश उपाध्याय निवासी वेदपुर (ज्ञानपुर) तथा डब्बू गौतम निवासी लालानगर (गोपीगंज) बाइक से कहीं जा रहे थे। दोनों पुलिस को देखकर भागने के चक्कर में बाइक से गिर गए। आशंका होने पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनो की निशानदेही पर चार चोरी की बाइकें भी बरामद की गई हैं। पुलिस उपाधीक्षक प्रयांक जैन ने भदोही कोतवाली इसकी जानकारी दी।
सीओ ने बताया कि बाईक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के धरपकड़ जारी है। बताया दोनों अभियुक्त गिरोह बनाकर भदोही व अन्य जनपदों में दुपहिया वाहन चोरी करते और बेचते थे। वे बाइक चोरी कर इकट्ठा करते थे। बताया कि आकाश के खिलाफ भदोही और ज्ञानपुर कोतवाली मे सात मुकदमे दर्ज हैं जबकि डब्बू गौतम के खिलाफ भदोही कोतवाली में दो मुकदमे हैं।