कोइरौना थाने के बाहर आंदोलनकारियों को समझाते सीओ एके सिंह। संवाद
- फोटो : BHADOHI
कोइरौना थाना क्षेत्र के बेरवां गांव में बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर से साइकिल में टक्कर लगने से नाराज लोगों ने ट्रैक्टर चालक की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर चालक की सीएचसी डीघ से गोपीगंज सीएचसी ले जाते समय मौत हो गई। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह कोइरौना थाने के सामने चालक के शव को रखकर हंगामा किया। सूचना पर एएसपी राजेश भारती, सीओ ज्ञानपुर एके सिंह सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। करीब चार घंटे बाद पुलिस ने बेरवां निवासी जयशंकर पांडेय और पांच अज्ञात पर गैर इरादतन हत्या और एससीएसटी के तहत मुकदमा दर्ज किया।
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के पुरवा निवासी ट्रैक्टर चालक मुंशी गौतम (30) पुत्र चंद्रजीत बेरवां निवासी सुरेश सिंह का ट्रैक्टर चलाता था। बृहस्पतिवार शाम को करीब चार बजे वह ट्रैक्टर को लेकर बेरवा जा रहा था। कोइरौना-बेरवा मार्ग स्थित एक ब्रेकर को पार करते समय ट्रैक्टर की टक्कर एक साइकिल से हो गई। साइकिल सवार दो लोग नाराज हो गए। इसके बाद साइकिल सवार पक्ष के लोगों ने मुंशी की पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुछ देर बाद सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल पड़े मुंशी गौतम को पहले सीएचसी डीघ में भर्ती कराया। यहां हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी गोपीगंज ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। शुक्रवार की सुबह परिजन शव को लेकर कोइरौना थाने पर पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव कर दिया।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती, सीओ एके सिंह के साथ ही गोपीगंज और ऊंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीण परिवार को मुआवजा देेने, आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया तब लोग शांत हुए। एएसपी राजेश भारती ने बताया कि जयशंकर पांडेय और पांच अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
मुंशी गौतम की चार बेटियां और दो बेटे हैं। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। वहीं दूसरी ओर मौके पर बसपा जिलाध्यक्ष कड़े शंकर भारती, लल्लू गौतम, कमला शंकर भारती, आरके राव, जेपी चौधरी, केएस राव भी थाने पर पहुंचे और उचित कार्रवाई की मांग की।