प्लेटफार्म संख्या एक पर रेलवे का वाटर कूलिंग मशीन जो ठंडा पानी नहीं देता
- फोटो : BHADOHI
भदोही। कहने को तो भदोही का रेलवे स्टेशन कालीन नगरी के स्टेशन के नाम से प्रसिद्ध है लेकिन इस गर्मी में भी इस स्टेशन पर शीतल जल नहीं मिलेगा। पिछले कुछ वर्षों में रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदलने के भरसक प्रयास किए गए। काफी हद तक सफलता भी मिली है लेकिन गर्मियों में शीतल जल की व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है। आम रेलयात्रियों का कहना है कि इसको लेकर रेलवे के उच्चाधिकारियों से लेकर स्थानीय अधिकारी उदासीन बने हुए हैं। भदोही रेलवे स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर 6 तथा दो नंबर प्लेटफार्म पर 12 पेयजल स्टैंड पोस्ट हैं। दोनो प्लेटफार्म पर निजी संस्था आल इंडिया कारपेट यार्न स्पिनर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन (एसिस्डा) द्वारा लाखो की लागत से एक एक कूलिंग मशीन लगवाई गई है। इनकी देखरेख की जिम्मेदारी रेलवे की है। निजी के अलावा रेलवे का एकमात्र कूलिंग मशीन प्लेटफार्म संख्या एक पर लगा है लेकिन विडंबना है कि वर्तमान में तीनों ही मशीनें खराब हैं और उनमें से गर्म पानी की आपूर्ति होती है।
बृहस्पतिवार को सभी स्टैंड पोस्ट की जांच की गई तो गर्म पानी आ रहा था। एसिस्डा के मानद सचिव प्रेम नारायण पुरोहित ने कहा कि दो कूलिंग मशीनें देने के बाद रेलवे ने देखरेख की जिम्मेदारी ली थी। कई बार तो एसिस्डा ने ही दोनों मशीनों की मरम्मत कराई है। स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह का कहना है कि विभागीय चिट्ठी लिखी गई है। शीघ्र ही सभी कूलिंग मशीनों को ठीक करा लिया जाएगा।
निजी संस्था एसिस्डा द्वारा दोनो प्लेटफार्मों पर लगवाए गए मशीने भी खराब हैं- फोटो : BHADOHI