ज्ञानपुर। जिले की तीन तहसीलों, 546 ग्राम पंचायतों, दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों के अधीन 744 कोटे की दुकानों से जुड़े लगभग तीन लाख पात्र गृहस्थी के राशन कार्डों का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए एसडीएम स्तर से लेखपाल और सेक्रेटरी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। कार्ड सत्यापन की तैयारी में आपूर्ति महकमा जुट गया है। राशन कार्ड की सूची तैयार की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत जिले में तीन लाख लोगों को पात्र गृहस्थी का लाभ दिया जाता है। उन्हें तीन किलो चावल, दो किलो गेहूं प्रति यूनिट दिया जाता है। कोरोना संक्रमण काल में लाभार्थियों को नि:शुल्क राशन का लाभ माह के दूसरे चरण में मिला। दिसंबर 2020 में नि:शुल्क राशन योजना बंद होने के बाद सशुल्क राशन उठाया जा रहा है। पात्र गृहस्थी राशन कार्डों के सत्यापन के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। एसडीएम सदर चंद्रशेखर राम, भदोही योगेंद्र कुमार, औराई एके मिश्रा ने बताया कि पात्र गृहस्थी के नाम पर बने कार्ड काफी संख्या में या तो फर्जी हैं या फिर ऐसे हाथों में हैं, जिनके असली मालिक गैर प्रदेशों में रहते हैं। सत्यापन के बाद कटने वाले नामों के स्थान पर पात्रों को वरीयता से जोड़ा जाएगा। इसके लिए खुली बैठक होगी। सदर तहसील अंतर्गत ब्लाक डीघ के 67, अभोली ब्लॉक के नौ गांवों से अंत्योदय सत्यापन रिपोर्ट न मिलने पर लेखपाल, सेक्रेटरी के खिलाफ नाराजगी जताई। हिदायत दी गई कि एक सप्ताह में रिपोर्ट नहीं आई तो विभागीय कार्रवाई के लिए लिखापढ़ी की जाएगी।