भदोही। गर्मी में एक ओर जहां बिजली संकट उत्पन्न हो गया है वहीं दूसरी ओर लापरवाही से रखे गए ट्रांसफार्मरों के जलने से नई समस्या खड़ी हो गई है। इसी महीने चौरी रोड बाजार सलाबत खां और मलिकाना में एमए समद कालेज के सामने रखे ट्रांसफार्मर जलने के बाद रविवार को तड़के बाजार सलाबत खां में एक साथ रखे दो ट्रांसफार्मर धू-धू कर जल उठे। यह वह समय था जब लोग सहरी की तैयारी कर रहे थे। तब से लेकर अब तक कई मोहल्लों की बिजली गुल है।
लोगों ने बताया कि सहरी के समय अचानक ट्रांसफार्मरों की ओर से धुआं उठने लगा। देखा गया तो बड़ा वाला 630 केवी का ट्रांसफार्मर जल रहा था। उसकी लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थी। कुछ ही देर के बाद आग 250 केवी वाले ट्रांसफार्मर तक पहुंच गई। बिजली कट गई और वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग इतनी भीषण थी कि बुझाने के लिए दमकल को बुलाना पड़ा। दमकल आई तब आग पर काबू पाया जा सका। बताया गया है कि आग से दोनों ट्रांसफार्मर नष्ट हो चुके हैं।
इस संबंध में मोहल्लावासियों ने बताया कि दो दिन पूर्व ही बड़े ट्रांसफार्मर में तेल डाला गया था। उसमें से तेल रिस रहा था। तो थोड़ा तेल कम कर कर्मचारी लौट गए, लेकिन रिस रहा तेल खतरनाक साबित हुआ और दोनों ट्रांसफार्मर जल गए। ट्रांसफार्मर जलने के बाद से ट्रांसफार्मर बदले जाने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। वार्ड के सभासद के पति खुर्रम अंसारी ने डीएम आर्यका अखौरी का ध्यानाकृष्ट कराते हुए कहा कि रोजा चल रहा है आगे त्योहार भी है। यदि ट्रांसफार्मरों को नहीं बदला गया तो भारी मुश्किल हो जाएगी।
अभिषेक कुमार यादव, अधिशासी अभियंता, पूर्वांचल पावर कारपोरेशन कहा की ट्रांसफार्मरों को बदलने की कवायद की जा रही है। कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। रात या कल तक संभव है कि उस क्षेत्र की बिजली बहाल हो पाएगी। -