दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के सराय कंसराय गांव में रेलवे क्रासिंग बनाने की मांग काे लेकर मतदान बहिष्कार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को डीएम विशाल सिंह, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य गांव में पहुंचे। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि क्रासिंग के निर्माण के लिए पत्र लिखा जाएगा लेकिन ग्रामीण इतने पर राजी नहीं हुए। उनका कहना था कि उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल रूट के सराय कंसराय स्टेशन के आसपास दोनों तरफ आवागमन के लिए क्रासिंग नहीं है। इसके चलते ग्रामीणों को पटरी के पार जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। दो दशक से क्रांसिंग बनाने की मांग की जा रही है लेकिन प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। 2024 के चुनाव में अधिसूचना जारी होने के बाद से ही ग्रामीण मतदान के बहिष्कार पर अड़े हैं।
पहले तहसील स्तर के अधिकारी गांव जाकर लोगों को समझाते रहे। बात नहीं बनी तो मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल सिंह, एडीएम कुमार वीरेंद्र मौर्य, एसडीएम भदोही शिव प्रकाश यादव गांव में पहुंचे। डीएम ने रेलवे लाइन का निरीक्षण किया। वह जगह देखी जहां से लोग पटरी पार करके आते-जाते हैं। उन्होंने कहा कि आपकी मांग वाजिब है लेकिन यह प्रशासन कके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। आप प्रार्थना पत्र दीजिए उसे शासन को भेजा जाएगा।
प्रधान प्रतिनिधि नंदलाल मिश्रा ने कहा कि हम भी चाहते हैं कि मतदान हो लेकिन गांव के लोग इतने आक्रोशित हैं कि जब तक कोई हल नहीं निकल जाता तब तक मतदान करने के लिए तैयार नहीं हैं। रिंकू तिवारी, राजेश तिवारी, विपिन पांडेय, हल्का लेखपाल फकीरचंद, मुन्ना उपाध्याय, रमेश उपाध्याय, विजय नारायण, कन्हैया यादव, राजकुमार यादव, राजेंद्र गौतम, गुलाब गौतम, मुकेश विश्वकर्मा, आशीष दुबे आदि रहे।