ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को वेदपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। किशोरी के पिता ने 10 मई को कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया कि उसकी नाबालिग बेटी को भुड़की निवासी युवक बहला-फुसलाकर ले गया। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू किया। एसपी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की सुबह विजय गौतम निवासी भुड़की को गिरफ्तार कर लिया। साक्ष्य संकलन, किशोरी के मेडिकल परीक्षण और बयान के आधार पर विवेचना के दौरान दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो आदि धाराएं भी लगाई गई हैं।