पूर्वोत्तर रेलवे के जंगीगंज पश्चिमी फाटक पर बिछाने के लिए रखे इंटरलाकिंग चौके। संवाद
- फोटो : BHADOHI
पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस-प्रयागराज रेल खंड के दोहरीकरण और विद्युतीकरण का कार्य लक्ष्य की ओर पहुंचने से यात्रियों में आधुनिक सुविधाओं की लालसा बढ़ गई है। शुक्रवार को जंगीगंज स्टेशन के पश्चिमी और सरायजगदीश हाल्ट से होकर सीतामढ़ी को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर रबर और इंटरलाकिंग चौकों को देखकर लगभग तीन वर्ष से झटके खाने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
जंगीगंज, ज्ञानपुर रोड, माधोसिंह, अहिमनपुर, कटका, अलमऊ, सरायजगदीश हाल्ट पहुंचने में समपार मार्ग की खराबी का दंश झेल रहे लोगों ने बताया कि रेल खंड के दोनों छोर पर पड़ने वाले 60 समपारों में 10 ऐसे समपार हैं, जिनको पार करके ही राजमार्ग पहुंचा जा सकता है। दोहरीकरण कार्य के कारण कार्यदाई संस्थाओं ने ट्रैक को बिछाकर ओएचई तार दौड़ाने के लिए तार-खंभे लगा दिए, लेकिन समपार का समतलीकरण न होने से दिक्कत बरकरार है। जंगीगंज स्टेशन से कछवां मंडी जाने वाले कपूरचंद ने बताया कि दोहरीकरण में लगने वाले सामानों की ढुलाई करते समय सड़कें इतनी खराब हो गई हैं कि आवागमन में परेशानी होती है। सरायजगदीश हाल्ट से तटवर्ती क्षेत्र कोइरौना, बारीपुर, सोनपुर-कटरा, भदरांव, कूड़ीकला, छेछुआं, भुर्रा, धनतुलसी, बनकट उपरवार से मयवाहन आने वाले सुजीत कुमार, आरबी यादव, कड़ेशंकर, विनोद कुमार, सुरेश, अजीत का कहना है नए वर्ष के शुरुआती दौर में समपार मार्ग की हालत सुधारने में रेल प्रशासन की सक्रियता इसी तरह रही तो अन्य सुविधाओं की कमी भी पूरी होने में देर नहीं लगेगी। यात्रियों और वाहन चालकों ने खराब सड़कों को सुधारने की मांग की। जनसंपर्क अधिकारी बनारस डिविजन अशोक कुमार ने बताया आवागमन का भार झेल रहे प्रमुख समपार मार्गों पर रबर और इंटरलाकिंग चौके लगवाए जा रहे हैं। आने वाले समय में सभी समपार उक्त सुविधा से जुड़ेंगे, साथ ही रेलवे की जमीनों से होकर स्टेशन, हाल्ट पहुंचने वाली सड़कों का कायाकल्प हो जाएगा।