भदोही। वाराणसी-जंघई रेलमार्ग के आनंद नगर गजिया रेलवे फाटक पर शुक्रवार को दोपहर लगभग एक बजे बड़ा हादसा होते होते रह गया। एक युवक बंद रेल फाटक से बाइक लेकर ट्रैक पार कर रहा तभी ट्रेन आ गई। युवक बाइक को ट्रैक पर ही छोड़ कर भाग खड़ा हुआ। आरपीएफ ने क्षतिग्रस्त बाइक कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।
आनंद गजिया रेलवे फाटक पर ही रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा है। निर्माण के लिए रास्ता पहले से बंद है। यह बात रेलवे लोगों को बता चुकी है। इसके बाद भी भारी संख्या में लोग प्रति जान जोखिम में डालकर क्रॉसिंग पार करते हैं। आज की घटना इसी की देन है। बताया जाता है कि शहर के मोहल्ला काजीपुर निवासी नासिर खतरा मोल लेते हुए रेलवे फाटक पार करने लगा। ट्रैक पार करने के दौरान ही वाराणसी की ओर से तेज रफ्तार सारनाथ एक्सप्रेस आ रही थी। जब उसे लगा कि वह ट्रेन की चपेट में आ जाएगा तो वह बाइक ट्रैक पर छोड़ भाग खड़ा हुआ। इससे बाइक के परखचे उड़ गए।
इस बीच दुर्घटना के बाद ट्रेन मौके पर दस मिनट तक खड़ी रही। ट्रेन चालक की सूचना पर मौके पर आरपीएफ चौकी प्रभारी मनोज कुमार पहुंचे और बाइक को कब्जे में लेकर बाइक स्वामी नासिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। घटना के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेन के बाइक से भिड़ने का दृश्य देख कर उनके रोंगटे खड़े हो गए।