भदोही। ज्ञानपुर नहर प्रखंड की ओर से 15 जुलाई तक भदोही रजवाहा माइनर में पानी नहीं छोड़े जाने पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश किसान सभा जिला इकाई के किसानों ने सिविल लाइन स्थित प्रखंड कार्यालय के गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया गया। किसानों ने अधिकारियों को चेताया कि किसानों की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया तो आंदोलन चलता रहेगा।
सभा के अध्यक्ष रमापति यादव ने कहा कि किसानों के बेहन डालते समय भी नहर में पानी को हम लोग तरसते रहे। अब धान की रोपाई का समय चल रहा है लेकिन नहर सूखा पड़ा है। पिछली गलतियों से अधिकारी सीख नहीं लेते। गत दिनों एक्सईएन से मिल कर नहर में पानी छोड़ने और नहर की सफाई कराने की मांग की गई थी। तब वादा किया गया था कि 15 जुलाई तक नहर में पानी आ जाएगा लेकिन अभी भी नहर सूखी है। कहा कि यदि तत्काल पानी की मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन लगातार चलता रहेगा। हम लोग अधिकारियों को सोने नहीं देंगे।
सभा के जिला मंत्री, इंद्रदेव पाल ने कहा कि भदोही रजवाहा माइनर से टेल तक पानी बेहद जरूरी है। अन्यथा खेती प्रभावित होगी और किसान का इस वर्ष की फसल भी बेकार हो जाएगी। किसानों ने अपनी समस्या से मुख्यमंत्री समेत उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया है। धरना में मुरलीधर पटेल, प्रेमबहादुर, श्रीराम बिंद, रामसूरत यादव, राजपति यादव, जगन्नाथ मौर्य,राजकिशोर बिंद, हरिश्चंद्र यादव, राधेश्याम मौर्य, घनश्याम गौतम, अमृत लाल गौतम, रामचंद्र पटेल आदि शामिल रहे।