भदोही के डाइंग प्लांट में जांच करती गठित टीम। स्रोत: प्रशासन
भदोही। डीएम शैलेष कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने बृहस्पतिवार को भदोही नगर के 11 डाइंग प्लांटो का निरीक्षण किया। चार डाइंग प्लांट बंद मिले जबकि सात के पानी के नमूने जांच के लिए लिए।
पिछले दिनों डीएम को जनता दर्शन में शिकायत मिली कि कार्पेट उद्योग के डाइंग प्लांट बिना उपचार के प्रदूषित जल को सीधे नालों, जलस्रोतों और भूमिगत जल में प्रवाहित कर रहे हैं। डीएम ने मामले की जांच के लिए टीम गठित की। बृहस्पतिवार को एसडीएम न्यायिक बरखा सिंह, डिप्टी सीईओ बीड़ा अनीता देवी, उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक संग अन्य अफसरों ने 11 डाइंग प्लांटों की जांच की।
इसमें चंपा डाइंग, बीके वूलेंस, पीसंस मर्यादपट्टी, राज डायर्स मामदेवपुर, डीएन यार्न डायर्स रयां, पीएनएम डाइंग जयरामपुर, होम फ्लोरिंग एंड डेकोर, श्याम लाल एक्सपोर्ट डाइंग डिविजन हरिरामपुर, आईएस डाइंग डिविजन रामरायपुर और मनोज डायर्स (कूड़ा डाइंग) अहमदपुर, फुलवरिया, भदोही डायर्स नया बाजार जाहिदपुर की जांच की। जांच के दौरान सभी उद्योगों में ईटीपी (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित पाए गए। इनमें से सात उद्योग संचालित मिले जबकि चार बंद पाए गए। सात डाइंग प्लांट के पानी को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। संवाद