ज्ञानपुर। राज्य सड़क निधि योजना में जिले की 13 सड़कों की मरम्मत के लिए दो करोड़ 67 लाख अवशेष धनराशि स्वीकृत हो गई है। डिप्टी सीएम के निर्देश पर शासन ने बजट जारी कर मार्च 2022 तक खर्च करने का निर्देश दिया।
सड़कों की दशा सुधारने के लिए हर साल लोक निर्माण, आरईएस, जिला पंचायत जैसी कार्यदायी संस्थाओं को भारी भरकम बजट जारी किया जाता है। कुछ सड़कों को जरूरत के हिसाब से बजट न मिलने से वह पूर्ण नहीं हो पाती। जिसके कारण आधी अधूरी सड़क बनाकर ही छोड़ दी जाती है। जिले की 13 प्रमुख मार्गों के कार्य पूर्ण करने के लिए शनिवार को दो करोड़ 67 लाख 16 हजार की अवशेष धनराशि आवंटित किया गया। सड़क पूर्ण होने पर उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण एसबी राव ने बताया कि बजट न होने से 13 मार्गों का काम अधूरा था। जिसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। शासन ने उक्त बजट को स्वीकृत कर दिया, जिससे सड़कों को जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा।