वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में चालक की हत्या कर काजू लदे ट्रक को लूटने के आरोपितों में मास्टर माइंड राजेश उर्फ खेतई बिंद को पुलिस ने दो दिन पहले पकड़ा था। इस दौरान हुई फायरिंग में गोली राजेश के घुटने में लगी है, जो फंसी है। उसे ऑपरेशन करके निकलवाया जाएगा।
एक जनवरी की रात में कुछ बदमाशों ने ट्रक चालक की हत्या कर लूट की घटना को अंजाम दिया था। उस मामले में पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान छनौरा निवासी अमृत लाल बिंद को ट्रक को कब्जे में लेकर गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि राजेश बिंद सहित दो आरोपी फरार थे। राजेश पर 49 मुकदमे हैं। 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। क्राइम ब्रांच एवं सर्विलांस टीम उसकी तलाश में थी। करियांव बाजार के पास पुलिस ने मुठभेड़ में राजेश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से असलहा और बाइक बरामद हुई थी। घुटने में फंसी गोली नहीं निकल पाई थी। एसपी डॉ.अनिल कुमार ने बताया घुटने में फंसी गोली बगैर आपरेशन के नहीं निकलेगी। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया अन्य एक आरोपी की तलाश की जा रही है।