प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में बच्चों का अधिक नामांकन कराने के लिए स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण सोमवार से शुरू होगा। शिक्षक गांव-गांव जाकर अभिभावकों को उनके बच्चों के प्रवेश के लिए प्रेरित करेंगे। जो बच्चा स्कूल नहीं आ रहे हैं, उन्हें विद्यालय लाएंगे।
प्रदेश सरकार नए शैक्षिक सत्र में दो करोड़ से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का लक्ष्य तय किया है। उसे पूरा करने के लिए अप्रैल से ही स्कूल चलो अभियान शुरू किया गया है। पहले चरण में 38 हजार से अधिक बच्चों का नामांकन हुआ था। इससे प्रदेश में जिले को दूसरी रैंक हासिल हुई। बीते 16 जून से ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुल गए, लेकिन बच्चों की उपस्थिति में अब भी सुधार नहीं हो रहा है। लक्ष्य पूरा करने के लिए शासन के निर्देश पर अभियान के दूसरे चरण में 27 जून से एक बार फिर शिक्षक घर-घर दस्तक देंगे। वे अभिभावकों से मिलकर स्कूल में मिलने वाली सुविधाएं, पठन पाठन के बारे में भी बताएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। अभियान को शत प्रतिशत सफल बनाने का प्रयास किया जाएगा।