चौरी। कस्बा चौकी क्षेत्र के मुख्य तिराहे के पास सोमवार को अराजकतत्वों ने कार पर पथराव कर दिया। इससे कार के शीशे टूट गए। हंगामा बढ़ने से लगभग एक घंटे तक भदोही-कपसेठी मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर अराजकतत्व भाग निकले। कार चालक से पूछताछ कर पुलिस अराजकतत्वों की तलाश में जुट गई।
मामला उस समय विवाद का रूप धारण कर लिया, जब भदोही-वाराणसी मार्ग के इंदिरा मिल चौराहे के पास ओवरटेक करते समय कार में किसी बड़े वाहन से खरोंच लग गई। इसके बाद दोनों वाहनों के लोगों में कहासुनी होने लगी। आसपास के लोगों ने दोनों पक्ष को समझा-बुझाकर शांत कराया, लेकिन एक पक्ष के लोगों ने चौरी बाजार स्थित मुख्य तिराहे पर कार सवार को रोक कर पथराव कर दिया। इससे कार के शीशे टूट गए। विवाद बढ़ते देख लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। चौरी थानाध्यक्ष रामदरश ने बताया कि मामले को शांत कराकर जांच की जा रही है, लेकिन अराजकतत्व हाथ नहीं लग सके।