भदोही जनपद में उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ की ओर से काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय ज्ञानपुर के हास्टल मैदान पर मंगलवार को दो दिवसीय राज्य स्तरीय तीरंदाजी टूर्नामेंट शुरू हुई। पहले दिन बागपत के धनुर्धरों का दबदबा दिखा। अलग-अलग वर्ग में खिलाड़ियों ने पहला स्थान प्राप्त किया। निशाने पर तीर लगने पर लोगों ने उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष व जिलाधिकारी विशाल सिंह ने धनुष से टारगेट पर तीर चलाकर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। अतिथियों ने प्रदेश स्तरीय इस प्रतियोगिता के लिए आयोजन समिति की सराहना की। कहा कि इससे जिले के खिलाड़ियों को भी तीरंदाजी में प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।
प्रतियोगिता तीन आयु वर्ग 10, 13 व 15 वर्ष के बालक और बालिका के बीच संपन्न कराई गई। पहले दिन बालक 15 वर्ष आयु वर्ग के इंडियन राउंड में वंश वेदवान बागपत ने प्रथम, अभिषेक मुजफ्फर नगर ने द्वितीय और सर्वेश कुमार वाराणसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में शिवांगी बागपत, मानसी सहारनपुर व दिव्या मेरठ ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया। रिकर्व बालक वर्ग में हर्ष वेदवान बागपत, ओम तिवारी मथुरा, विग्नेश वशिष्ठ बदायूं, बालिका वर्ग में किंजल शर्मा मथुरा, गौरी भदौरिया कानपुर व सुलेखा सोनभद्र ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कंपाउंड राउंड में बालक वर्ग में उदय त्यागी मुजफ्फर नगर, स्वरित स्वरूप मथुरा, ललित मथुरा, बालिका वर्ग में निष्ठा गुप्ता मथुरा, पार्थवी सिंह कानपुर देहात व अनन्या सिंह तोमर ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया।
चेयरमैन ज्ञानपुर घनश्याम दास गुप्त, तीरंदाजी संघ के प्रदेश संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह राणा, भारतीय खेल प्राधिकरण सोनीपत के चीफ कोच सत्यदेव प्रसाद, कोच रुस्तम खान, संघ के जिलाध्यक्ष विश्वंभर दयाल, अशोक गुप्ता, आलोक गुप्ता सहित आदि मौजूद रहे।