ज्ञानपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बुुधवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि जिले के लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण से सुरक्षित रखने और कोविड मरीजों को मानक एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज संभव कराने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्रों में क्षेत्रवार सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किये जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि उनके द्वारा यह सुनिश्चित कराया जाएगा कि हर जरूरतमंद मरीज को बेड और आक्सीजन के साथ जीवन रक्षक दवाएं समय पर मिले। इसके साथ ही बेड आवंटन और डिस्चार्ज पालिसी को प्रभावी ढंग से लागू कराया जाएगा। होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों से बेहतर संवाद के लिए टेलीकन्सल्टेशन की व्यवस्था पर विशेष बल दिया जाए। जिससे उन्हें घर पर ही चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त हो सके। वर्तमान में भदोही में टेलीमेडिसिन का उत्तरदायित्व डा. एसपी सिंह के पास है और इनका मोबाइल नम्बर-9415239210 है।
इस दौरान डीएम ने बताया कि एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी युवाओं का टीकाकरण किया जाएगा जिसके लिए एक विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है। कहा कि कोरोना की चैन को तोड़ने के लिए कोरोना जांच व ट्रीटमेंट के मूल मंत्र को अपनाते हुए सक्रिय कार्य करना होगा। और इसके साथ ही मास्क सैनिटाइजर और दो गज दूरी के सिद्धांत को पूरी तरह से व्यवहार में लाना होगा। इस दौरान चेतावनी भी दी की यदि आक्सीजन की कालाबाजारी और इलाज के दौरान नियत शुल्क से अधिक की वसूली की शिकायत मिलने पर ऐसे लोगों के खिलाफ महामारी एक्ट के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि जिले के जिन छह निजी अस्पतालों को कोविड हॉस्पिटल अधिकृत किया गया है उनमें सूर्या ट्रामा सेंटर औराई, आनंद हास्पिटल, जीवन ज्योति हास्पिटल भदोही, प्रतिमा हास्पिटल भदोही, जिया हार्ट केयर और जीवन धारा हास्पिटल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित होता है तो इसकी जानकारी होने पर कंट्रोल रूम नम्बर-(9454416838 तथा दूरभाष नंबर-05414250223, 05414250301, 05414250302, 05414250304) पर तत्काल सूचना दे।