गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के चकपडौना गांव में एक व्यक्ति की दो पत्नियां आमने-सामने हुईं तो हाई वोल्टेज ड्रामा हो गया। करीब आधे घंटे तक माहौल शांत नहीं हुआ तो एक पत्नी ने फोन कर पुलिस बुला लिया। दोनों पत्नियों और पति को पुलिस थाने ले आई। वहां हुई पंचायत में दोनों पक्षों में सुलह के लिए बातचीत चल रही है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से बलिया जनपद के सीताकुंड निवासी एक व्यक्ति के पुत्री की शादी हिंदू रीति रिवाज के साथ चकपडौना कौलापुर गांव निवासी युवक के साथ वर्ष 2004 में आठ दिसंबर को हुई थी। पहली पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। उस समय भी पति की किसी महिला से बराबर फोन पर बात होती थी। इसका विरोध करने पर पूरा परिवार मिलकर उसे प्रताड़ित करता था। दो दिसंबर 2021 को पति ने चित्रकूट के एक महिला के साथ दूसरी शादी कर ली और उसे वहीं चित्रकूट में ही रख लिया। इसकी जानकारी उसे काफी समय बाद हुई, लेकिन दूसरी महिला को वह देख नहीं पाई थी। बीते दिनों सास समेत परिवार के लोग उसे डरा-धमका कर मायके भेज दिए। उसके मायके जाने के बाद पति दूसरी पत्नी को घर ले आया। सोमवार को वह ससुराल पहुंची तो पति की दूसरी पत्नी भी घर में मौजूद थी। दोनों पत्नियां आमने-सामने हुईं तो झगड़ा शुरू हो गया। बात बढ़ने पर पहली पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पत्नियों और पति को थाने ले आई। जहां काफी देर तक हंगामा हुआ। पहली पत्नी का आरोप है कि पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने की शिकायत उच्चाधिकारियों समेत कोतवाली में वह कई बार कर चुकी है, लेकिन कहीं से उसे न्याय नहीं मिला। विवाहिता से दो पुत्रियां और एक पुत्र है। बच्चों के लालन-पालन को लेकर विवाहिता चिंतित है। विवाहिता का आरोप है कि उसकी सास और पति जमीन आदि भी बेच देने की धमकी देते हैं। एसएचओ अभिनव वर्मा ने बताया कि थाने में दोनों पक्षों में सुलह के लिए बातचीत चल रही है। साथ ही पूरे मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।