ज्ञानपुर। जिले के नौ थानों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में राजस्व के सभी मामले लंबित रह गए। कुल आए 50 प्रार्थना पत्रों में से 43 राजस्व से संबंधित रहे। इसमें एक का भी निपटारा मौके पर नहीं हो सका। पुलिस से संबंधित आए सात मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। बाकी मामलों के निपटारे के लिए टीम गठित की गई।
डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने कोइरौना में लोगों की समस्याएं सुनीं। डीएम ने लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का निर्देश प्रभारी निरीक्षक को दिया। डीएम ने कहा कि दूर-दराज से आने वाले फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निपटारा कराएं। अक्सर सुनने में आता है कि राजस्व टीम मौके पर न जाकर मामले को लंबित करती है। ऐसा करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी सुधार लाएं अन्यथा कार्रवाई होगी।
एसपी ने कहा कि जमीन संबंधित सभी मामलों में पुलिस और राजस्व की टीम संयुक्त रूप से मौके पर जाए। इसी तरह ज्ञानपुर, भदोही, चौरी, औराई, सुरियावां आदि थानों पर शिकायतें सुनी गईं और उसका निपटारा किया गया। दुर्गागंज थाना परिसर में समाधान दिवस पर प्रभारी भदोही तहसीलदार मिश्रीलाल चौहान और थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने समस्याएं सुनीं। इस दौरान छह मामले आए। जिसमें से पुलिस के दो मामलों का निपटारा हुआ। सभी थानों में कुल 50 प्रार्थना पत्र आए। इसमें सात पुलिस और 43 राजस्व विभाग से जुड़े रहे। राजस्व के सभी मामले लंबित रह गए।