ज्ञानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिले में मंगलवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम गया। बुधवार को पोलिंग पार्टियां सभी छह ब्लॉकों में बने मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगी। इस बीच मतदान की तैयारी प्रशासन की तरफ से लगभग पूरी कर ली गई। मतदान 15 अप्रैल को सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा।
पंचायत चुनाव में प्रधान, जिला, क्षेत्र व ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी करीब एक पखवाड़े से चुनाव प्रचार में जुटे थे। इस बीच मंगलवार को शाम पांच बजे प्रचार का शोर थम गया। प्रत्याशियों ने घर-घर संपर्क करने का अभियान तेज कर दिया। उधर, बुधवार को ज्ञानपुर ब्लॉक के गुलाब धर मिश्र इंटर कॉलेज, भदोही में नेशनल इंटर कॉलेज, सुरियावां में ब्लॉक परिसर, औराई में काशिराज इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियां प्रशासन की देखरेख में मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगी। मतदान 15 अप्रैल को सुबह आठ बजे शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। एडीएम शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर मतदान के लिए जिले में 1889 बूथ बनाए गए हैं। हर बूथ पर एक-एक पोलिंग पार्टी रहेगी। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे जिले को 15 जोन और 81 सेक्टरों में बांटा गया है। पोलिंग पार्टियों के लिए वाहन की व्यवस्था कर दी गई है। संवेदनशील, अति संवेदनशील और संवेदनशील प्लस केंद्रों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। सादी वर्दी में भी पुलिस भ्रमण करती रहेगी।
---------
मतदान केंद्रों पर छांव की नहीं है व्यवस्था
ज्ञानपुर। पंचायत चुनाव के पहले चरण में होने वाले मतदान में मतदाताओं को परेशानी उठानी पड़ सकती है। अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही अधिकतम पारा 40 डिग्री से अधिक पहुंच गया है। ऐसे में मतदान के लिए जाने वाले वोटरों को धूप में लाइन लगानी पड़ सकती है। कई मतदान केंद्रों पर छांव की व्यवस्था न होने से मतदाताओं को परेशानी हो सकती है।