उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुरेश कुमार सपरा ने बुधवार को भदोही रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन के पश्चिमी किनारे नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने की हिदायत भी दी। ताकि गर्मी के दिन में यात्रियों को पीने के पानी के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि आरक्षण केंद्र व जनरल टिकट बुकिंग केंद्र को एक साथ करने पर विचार किया जा रहा है।
डीआरएम अपने क्षेत्र में आने वाले रेलवे स्टेशनों के दो दिवसीय निरीक्षण पर निकले थे। वे दोपहर करीब 12 बजे विशेष सैलून से भदोही स्टेशन पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को और खूबसूरत बनाने के साथ ही खाली पड़े स्थान पर बागवानी कराने का निर्देश दिए। प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, आरक्षण केंद्र का निरीक्षण करने के बाद साफ - सफाई का अभाव बताते हुए उन्होंने अधिकारियों से नाराजगी जताई। कई जगहों पर सफाई तो थी लेकिन कुछ जगहों पर गंदगी भी मिली। इसको उन्होंने गंभीरता से लिया और अधिकारियों को आगाह किया कि अगली बार के निरीक्षण में गंदगी मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। स्टेशन के मुख्य गेट को सुंदर बनाने और लोगों की सहूलियत के लिए प्रकाश व्यवस्था कराने का भी उन्होंने निर्देश दिया। पार्किंग में वाहन स्वामियों से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें उन्हें पहले से थी। इस पर उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से जानकारी ली। यह भी पूछा कि स्टैंड में वाहनों के पार्किंग दर सूची क्यों नहीं लगाई गई है। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि पार्किंग के नाम पर यात्रियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्लेटफार्म संख्या दो की ओर निकास द्वार बनाने तथा वहां साफ - सफाई पर ध्यान देने का भी निर्देश दिया। वहां स्टेशन का बोर्ड भी लगाने का निर्देश दिया। डीआरएम कुल 35 मिनट तक स्टेशन पर रहे। इस दौरान स्टेशन के कुली से लेकर अधिकारी और कर्मचारी तक सभी यूनिफार्म में दिखे। भदोही से डीआरएम का सैलून जंघई की ओर रवाना हो गया। साथ में सीनियर डीसीएम राहुल, डीसीएम प्रतीक श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आशीष सिंह भी थे।