दिव्यांग बच्चों में भी नैसर्गिक प्रतिभा छिपी होती है। जरूरत है, उसे निखारने और मंच प्रदान करने की। बुधवार को समग्र शिक्षा अभियान (समेकित शिक्षा) के बैनर तले पूर्व माध्यमिक विद्यालय संसारापुर में ब्लॉक स्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों का हुनर और प्रतिभा देख शिक्षकों ने भी दांतों तले उंगली दबा ली।
50 मीटर दौड़ (बालक प्राथमिक वर्ग) में राजेंद्र कुमार प्रथम, रोहित पाठक द्वितीय और लकी मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में खुशबू ने पहला, सुमन ने दूसरा और नंदिनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर दौड़ के माध्यमिक वर्ग में (बालक) शुभम सरोज ने प्रथम, सुंदर ने द्वितीय और शिवम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्टिक दौड़ में जुगेश प्रथम, किशन द्वितीय, आनंद तृतीय रहे। छड़ी दौड़ में शहनाज प्रथम, जलेबी दौड़ (बालक वर्ग) में किशन प्रथम, बालिका वर्ग में खुशबू ने पहला स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक इवेंट में आंचल यादव, अंजली यादव, आस्था यादव, प्रियांशी यादव ने अपने नृत्य से सभी का मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पूर्व बीईओ रवींद्र शुक्ल, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रवींद्र कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर सत्येंद्र द्विवेदी, मीरा प्रजापति, संदीप वर्मा, योगेश पांडेय आदि मौजूद रहे।