ज्ञानपुर। नवागत पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वितीय शनिवार को कार्यभार ग्रहण करेंगे। अपराध को रोकना और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई उनकी प्राथमिकता होगी। आम जनता को त्वरित न्याय दिलाएंगे।
शुक्रवार को अमर उजाला से बातचीत में अपनी बात साझा की। मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले डॉ. अनिल कुमार 2016 बैच के आईपीएस हैं। कानपुर के एसीपी के पूर्व वह गौतमबुद्धनगर, वाराणसी में रह चुके हैं। उन्होंने बताया कि आमजनता को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे। थाने स्तर पर ही फरियादियों को न्याय मिल सके, ऐसी व्यवस्था बनाई जाएगी। दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने वालों को चिह्नित कर उनकी जवाबदेही तय की जाएगी। अपराध नियंत्रित कर कानून का राज स्थापित कराना पुलिस का मुख्य कार्य है और यही शासन की मंशा है। उन्होंने बताया कि वह शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लेंगे। नए एसपी सामाजिक कार्यो में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। एसपी होने के साथ ही वह चिकित्सक भी है। कोरोना काल में कानपुर में ला एंड आर्डर संभालने के साथ ही मरीजों की भी सेवा की। जिसके बाद वह कानपुर में लोगों के काफी करीब हो गए।