पं. दीन दयाल ज्योति ग्राम विद्युतीकरण योजना की शुरुआत रविवार को सांसद आदर्श गांव कौलापुर से हुई। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने भूमिपूजन कर योजना का शुभारंभ किया। इसके पूर्व आचार्यों की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चारण से माहौल भक्तिमय हो गया। इस योजना के तहत जिले के 2806 मजरे रोशन होंगे।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सांसद ने कहा कि इस विद्युतीकरण योजना से जिले का एक भी गांव प्रकाश से वंचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से विद्युतीकरण योजना के लिए 175 करोड़ का प्रस्ताव दिया गया था जिसमें 127 करोड़ स्वीकृत हुआ है।
कहा कि एक-एक कार्य की निगरानी कराई जाएगी। विशिष्ट अतिथि लार्सन एवं टुब्रो के क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय और परियोजना प्रबंधक सीबी सिंह ने कहा कि यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। गांव-गांव तक रोशनी पहुंचाने में योजना कारगर होगी। भाजपा जिला महामंत्री एवं ग्राम प्रधान कौलापुर श्रीनिवास चतुर्वेदी ने कहा कि सांसद आदर्श गांव के तहत गांव का चयन कर सांसद जी ने गांव वालों का मान बढ़ाया।
निश्चित रूप से अब गांव का चहुमुखी विकास होगा। भाजपा नेता शैलेंद्र दुबे, सरयूनाथ शुक्ला, हीरालाल पासवान, जिलाध्यक्ष संतोष पांडेय, सुनील मिश्रा, रमेश चंद्र पांडेय ने कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रविशचंद्र पांडेय ने किया। इस मौके पर शिवशंकर, जयचंद्र, अशोक छत्रपति सिंह, बाबूराम, विधानचंद्र दूबे, राधेश्याम भाष्कर आदि रहे।