ज्ञानपुर। रिश्तेदार से संपत्ति विवाद में आरोपी बाहुबली विधायक विजय मिश्र के बेटे विष्णु मिश्र के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करने के लिए पुलिस को कोर्ट के आदेश का इंतजार है। दूसरी ओर विधायक और एमएलसी के साथ आरोपी बनाए गए उनके बेटे और दूसरे मामले में आरोपी भतीजे के बेटे का केस भी एमपी-एमएलए कोर्ट में चलेगा।
विधायक विजय मिश्र के रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी ने प्रॉपर्टी हथियाने के आरोप में विधायक, उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ चार अगस्त को मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में विधायक गिरफ्तार कर लिए गए, एमएलसी रामलली को जमानत मिल गई, लेकिन व्यवसायी बेटा अभी फरार है। पुलिस ने कुर्की के लिए अपील की तो कोर्ट ने पर्याप्त दस्तावेज न होने के आधार पर उसे खारिज कर दिया। इससे आरोपी विधायक पुत्र को एक माह की मोहलत और मिल गई। इसके बाद उस पर बनारस की गायिका ने भी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसमें विधायक के भतीजे का पुत्र भी आरोपी बनाया गया। अब इन दोनों के मामले की सुनवाई भी एमपी-एमएलए कोर्ट में होगी। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि कुर्की के लिए कोर्ट में अपील की गई है। आदेश मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सांसद, विधायक के साथ जितने भी आरोपी होते हैं सबकी सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में ही होती है।