भदोही ब्लॉक की ग्राम सभा कोल्हण की रोटहां का इलाका एक बार फिर चर्चा में है। बृहस्पतिवार को नट बस्ती में हुए विस्फोट को सुलझाने में पुलिस लगी है। प्रकरण में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर भले ही जेल भेज दिया, लेकिन अब भी कई अनसुलझे सवाल लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। जिसको सुलझाना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
बृहस्पतिवार को रोटहां की नट बस्ती के एक मकान में विस्फोट हो गया। इसमें किसी को नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मकान का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। पहले और दूसरे दिन एलआईयू समेत अन्य एजेंसिया पहुंची और जांच कर चली गईं। 2019 की घटना के बाद एक बार फिर रोटहां चर्चा में है। मकान मालिक को लेकर तमाम सवाल उठाए जा रहे है। क्या घर में रखे विस्फोटक के बारे जानकारी थी या फिर किरायेदार की गतिविधि के बारे जानकारी रखना जरूरी नही समझा।
धमाका इतना तेज था कि मकान की छत तक उड़ गई, लेकिन पुलिस का दावा है कि ज्ञानपुर का एक रिश्तेदार झोले में पटाखा रखने के लिए दिया था। सवाल यह उठता है कि एक झोले पटाखे से मकान की छत कैसे उड़ सकती है। बता दें कि मकान मालिक रोटहा के हैं। इसलिए इस बार के विस्फोट में भी रोटहा का नाम आने से चर्चा तेज है। उधर लल्लू आतिशबाज की पत्नी और बच्चे दानुपट्टी स्थित पुराने मकान में रह रहे हैं, जबकि लल्लू छह माह से मुंबई में है। प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि मामले में दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जा चुका है। अभी जांच चल रही है, जो भी दोषी होंगे कार्रवाई की जाएगी।