सुरियावां-पाली मार्ग के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। 10 करोड़ 89 लाख की लागत से होने वाले काम को मई-जून तक पूर्ण करना है। राज्य सड़क निधि से सड़क अब तीन के बजाय सात मीटर चौड़ी होगी। सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
जिले में करीब ढाई हजार किमी तक सड़कों का जाल फैला है। लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, जिला पंचायत संग नगर पंचायत, मंडी समिति मार्गों की निगरानी करती है। इसमें सभी निर्माण कार्य का नोडल लोक निर्माण विभाग रहता है। हर साल सड़कों के नवीनीकरण, मरम्मतीकरण, गड्ढामुक्त अभियान में करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। इस दौरान जरूरत के हिसाब से कुछ सड़कें चौड़ी की जाती हैं। वाहनों की बढ़ती संख्या एवं यातायात के बोझ के कारण कई सड़कों पर अक्सर जाम लग जाता है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सुरियावां-पाली मार्ग की चौड़ाई मात्र तीन मीटर है। इससे उक्त मार्ग पर भारी वाहन आने से अक्सर जाम लग जाता। शादी-विवाह के सीजन में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता। जौनपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले लोग इसी मार्ग से ज्ञानपुर, विंध्याचल आदि स्थानों के लिए जाते हैं। करीब एक दशक पूर्व से ही उक्त मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग की तरफ से प्रस्ताव शासन को भेजा गया। फरवरी के पहले सप्ताह में इसको स्वीकृति मिल गई। निविदा कार्य पूर्ण होने पर अब काम भी शुरू करा दिया गया है। सड़क के किनारे मिट्टी की खुदाई से लेकर गिट्टी भी गिराई जा रही है। अभी तक यह सड़क तीन मीटर है, जबकि चौड़ी होने पर यह सात मीटर तक हो जाएगी। इससे दोनों तरफ से भारी वाहन एक साथ निकल सकेंगे। सड़क चौड़ी होने से गोपीगंज, प्रयागराज से ज्ञानपुर होकर भदोही, वाराणसी जाने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। डबल लेन मार्ग पर जगह अधिक होने से जाम की स्थिति भी नहीं बनेगी।
-
वर्जन
पाली-सुरियावां मार्ग के चौड़ीकरण की स्वीकृति फरवरी में ही मिल गई थी। इस पर 10 करोड़ 89 लाख रूपये खर्च होंगे। काम शुरू करा दिया गया है। मई-जून तक इसको पूर्ण करना है।
-एके पांडेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण।