औराई स्थानीय थाना क्षेत्र के आशापुर डिहवा के समीप औराई-भदोही मार्ग पर रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे शवयात्रा में शामिल एक मैजिक पलट गई। इस हादसे में मैजिक सवार रामेश्वर चौहान (43) की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हो गए। सभी घायलों केे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां तीन की हालत गंभीर होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।
चौरी थाना क्षेत्र के भाला गांव निवासी उमाशंकर चौहान (85) की रविवार की सुबह मौत हो गई थी। गांव के लोग एक मैजिक पर शव रखकर दाह संस्कार के लिए भोगाव गंगा घाट जा रहे थे। जैसे ही मैजिक औराई कोतवाली क्षेत्र के आशापुर डिहवा के पास औराई-भदोही मार्ग पर पहुंची तभी पीछे से आ रही दूसरी मैजिक गड्ढा बचाने के चक्कर में आगे वाली मैजिक से टकरा गई। इससे आगे वाली मैजिक पलट गई। हादसे में रामेश्वर चौहान (43) सहित 15 लोग घायल हो गए।
रामेश्वर की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ले जाया जा रहा कि रास्ते में मौत हो गई। घायल कन्हैया चौहान (65), कुंजी चौहान (55), सुदामा (70), चिंता चौहान (45) सांवरे चौहान (50), रणजीत, भाई राम, सजावल, रमाशंकर सहित अन्य को भदोही अस्पताल ले जाया गया। यहां कन्हैया, सांवरे चौहान सहित तीन की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने रामेश्वर के पुत्र राहुल की तहरीर पर अज्ञात मैजिक चालक व मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने कहा कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।