वृद्ध की मौत के बाद गमगीन परिजन।
- फोटो : BHADOHI
ऊंज। थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव रोही-मोहनपुर में शनिवार को देर शाम ट्रैक्टर से कुचलकर लालबहादुर बिंद (58) निवासी पूरेभान की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की तहरीर पर चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। चालक ट्रैक्टर को लेकर प्रयागराज की सीमा से होते हुए भागने में सफल रहा।
पूरेभान निवासी लालचंद शनिवार को दोपहर में प्रयागराज जिले के इमामगंज बाजार में किसी काम से गए थे। शाम को वहां से लौटते समय मोहनपुर के समीप पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में वहिदानगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
लालचंद अपने पीछे एक पुत्र और चार पुत्रियों छोड़ गए। सबसे छोटी पुत्री गीता की शादी नहीं हुई है। मौत की जानकारी होने पर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण बच्चों के जीविकोपार्जन के लिए ग्रामवासियों ने जिला प्रशासन से मुआवजा की मांग की है। थानाध्यक्ष ऊंज एसके त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पुत्र रणजीत की तहरीर पर रोही निवासी ट्रैक्टर चालक बबलू पुत्र हरिशंकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।