भदोही। काम कराने के बदले युवती से आपत्तिजनक बात कहने का आडियो वायरल होने पर सोमवार को चौकी को लाइन हाजिर कर दिया गया। एसपी ने मामले की जांच एएसपी आरके वर्मा को सौंप दे दी है।
युवती ने 31 अक्तूबर को पुलिस उपाधीक्षक प्रयांक जैन को शिकायत कर बताया कि उसकी मां सौतेली है। इसलिए मां-बाप दोनों उसे उसके पुश्तैनी मकान से निकालना चाहते हैं। इस संबंध में एक शिकायत लेकर वह कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी के पास गईं थी। चौकी प्रभारी ने उसे कई बार अजिमुल्लाह चौराहे के बूथ पर और कोतवाली स्थित पुलिस चौकी पर बुलाया। आरोप लगाया कि एक दिन पुलिस चौकी में उन्होंने मेरा हाथ पकड़कर कहा कि उसका काम तो हो जाएगा, लेकिन बदले में उसे भी कुछ करना पड़ेगा। कैसा काम पूछने पर कहा कि मोबाइल पर फोन करके बताएंगे। इसके बाद एक दिन फोन किया और अश्लील बातें की। इसके बाद एक तहरीर लिखवाई और कहा कि कार्रवाई के बदले तुम्हें मेरे साथ हमबिस्तर होना होग। जब मैंने इंकार किया तो मेरे सामने ही मेरा कागज फाड़कर फेंक दिया।
उधर, युवती ने जिस दिन यह शिकायत की, उसी दिन भदोही कस्बा चौकी प्रभारी का तबादला चौरी पुलिस चौकी कर दिया गया था। लेकिन, सीओ भदोही से इस आशय की विस्तृत रिपोर्ट मिलते ही एसपी ने तबादला आदेश को पलटते हुए संतोष राय को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि दारोगा को लाइन हाजिर कर प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक से कराई जा रही है।