ज्ञानपुर। ग्रामीण अंचलों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी अब आनलाइन हाजिरी लगेगी। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इन केंद्रों पर बायोमैट्रिक मशीन लगाने की कवायद शुरू हो गई है। इससे अस्पताल में विलंब से आने और समय से पहले चले जाने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर अंकुश लगेगा।
जिले में तीन राजकीय जिला अस्पताल, छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। जिला अस्पताल और सीएचसी में यह व्यवस्था पहले से ही है, लेकिन पीएचसी में अभी रजिस्टर पर ही हाजिरी लगाई जाती है। जिससे इन केंद्रों पर तैनात चिकित्सक समय से नहीं पहुंचते। उनके आने-जाने का कोई भी समय निर्धारित नहीं रहता। इसको लेकर शिकायतें भी होती रहती हैं। अब विभाग की तरफ से इन केंद्रों पर भी बायोमैट्रिक मशीन लगाई जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो मई से पीएचसी पर ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था हो जाएगी। बायोमेट्रिक मशीन लगने के बाद डॉक्टर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इसके आधार पर हर महीने वेतनदेय होगा। मशीन लगने के बाद नियमित ड्यूटी करना भी अनिवार्य हो जाएगा। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि बायोमेट्रिक मशीन लगाने की तैयारी चल रही है। सब कुछ ठीक रहा, तो मई तक मशीन पीएचसी पर लगा दी जाएगी।