ज्ञानपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी तरीके से नौकरी पाने वालों के लिए मानव संपदा पोर्टल मुसीबत बन चुका है। जिले में करीब नौ माह बाद भी दो हजार शिक्षक पोर्टल पर ऑनलाइन नहीं हो सके हैं, जबकि 30 जून अंतिम तिथि तय थी। विभाग ऐसे शिक्षकों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
जिले के 1116 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में चार हजार शिक्षक तैनात हैं। शिक्षक, कर्मचारियों, अनुदेशक और शिक्षामित्रों को ऑनलाइन करने के लिए शासन मानव संपदा पोर्टल लागू किया है। अक्तूबर 2019 से शुरू ऑनलाइन प्रक्रिया को करीब नौ माह गुजर गए, लेकिन अब तक जिले में आधे यानि दो हजार शिक्षक पोर्टल पर अभिलेख अपलोड नहीं करा सके। पूर्व में कई बार सख्त हिदायत दी गई, लेकिन अब तक उदासीनता बरती जा रही है।
जिले में भी कई शिक्षक फर्जी अभिलेखों के सहारे नौकरी कर रहे हैं। इसके कारण वह पोर्टल पर आने से बच रहे हैं, हालांकि कई शिक्षक उदासीनता के कारण भी ऑनलाइन नहीं हो रहे। इससे उनको तमाम परेशानी भी होगी। अवकाश लेने से लेकर स्कूल से कहीं आने-जाने का लोकेशन विभाग जान लेगा। विभागीय आंकड़ों पर गौर करें तो 30 जून तक सभी शिक्षकों, अनुदेशकों और शिक्षामित्रों के जरूरी अभिलेख पोर्टल पर अपलोड होना था, लेकिन आधे शिक्षक अब तक ऑनलाइन नहीं हो सके। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि पोर्टल पर अपलोड न होने पर शिक्षकों पर कार्रवाई होगी।