ज्ञानपुर नगर में शाम के समय छाया बादल। संवाद
- फोटो : 1
ज्ञानपुर। कालीन नगरी में पहली बार नौतपा बिना तपे चला गया। इस साल सामान्य तापमान 42 डिग्री से भी तीन डिग्री तापमान कम रहा। शुरुआती तीन दिनों में 44-43 डिग्री बना रहा। मई के आखिरी में बारिश होने के बाद से तापमान में चार से पांच डिग्री कम रहा, वहीं पारा 34 डिग्री तक पहुंच गया था। बदले मौसम के कारण लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली। प्रचंड गर्मी के लिए चर्चित नौतपा में इस बार बिना तपे ही चला गया। 25 मई से दो जून तक नौतपा रहा।
जिले में तेज आंधी-बारिश के चलते तापमान भी 39 डिग्री से नीचे रहा। एक दिन तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया था। मंगलवार को नौतपा के अंतिम दिन भी दोपहर बाद बदले मौसम में तेज आंधी और बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत पहुंचाई। नौतपा की शुरुआत 25 मई को हुई। जिसका असर दो जून तक माना गया था। नौतपा के दौरान अत्यधिक गर्मी पड़ती है, जो खेती किसानी के दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना गया है। नौतपा में 25 व 26 मई अधिकतम तापमान 44 डिग्री, 27 मई को 43 बाकि छह दिन 39-34 डिग्री के बीच बना रहा। बारिश के कारण मौसम में बदलाव देखा गया। 28 मई से लेकर 2 जून तक अधिकतम तापमान 34-39 डिग्री से नीचे रहा।
बारिश होने से अधिकतम तापमान गिरकर 34 डिग्री पहुंच गया, जो नौतपा के दौरान सबसे कम रहा। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा। जो इस साल नौतपा का सबसे कम तापमान रहा।
मौसम के प्रति सतर्क रहने की सलाह
बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्र में आगामी कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही लगा रहेगा। बादलों की मौजूदगी के कारण कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही दिन के समय हवा की गति सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। जिससे खेतों में खड़ी फसलों पर प्रभाव पड़ सकता है। अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है।
नौतपा के दौरान जिले का तापमान
दिनांक : अधिकतम - न्यूनतम
02 जून - 39 - 29
01 जून - 39 - 29
31 मई - 38 - 28
30 मई - 36 - 27
29 मई - 34 - 26
28 मई - 39 - 26
27 मई - 43 - 29
26 मई - 44- 28
25 मई - 44 - 29
नोट- तापमान डिग्री सेल्सियस में है।