ज्ञानपुर। मौसम के तेवर रविवार की सुबह बेहद तल्ख रहा। आंख खुली तो जिला कोहरे की आगोश में रहा। सुबह करीब नौ बजे तक कोहरा छाए रहने से लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी उठानी पड़ी। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर निकलना पड़ा। सर्द हवा से सिहरन बढ़ गई। सीजन में पहली बार लोग ठंड से राहत पाने को अलाव के इर्द-गिर्द सिमटे नजर आए। नौ बजे के बाद सूर्यदेव ने दर्शन दिए तो ठंड से कुछ राहत मिली।
कालीन नगरी में ठंड अपना असर दिखाना शुरू कर दी है। रविवार को सुबह सीजन का पहला कोहरा गिरा। इससे ठंड में इजाफा हो गया। लोग देर सुबह तक घरों में कैद रहे। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर निकलना पड़ा। सर्दी का सितम बढ़ने के साथ लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। वहीं लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह कोहरा छा जाने के बाद हल्की धूप निकली, लेकिन खास राहत मिलती नजर न आई। धूप सेंकने बैठे लोग भी सर्दी व गलन से ठिठुरते दिखे। बाजार हो या बस्तियां, सब जगह लोग धूप सेकते नजर आए। सुबह कामकाज के लिए निकले लोग अलाव का भी सहारा लिया। सुबह नौ बजे के बाद ही मौसम पूरी तरह से साफ हो सका। वाहन चालकों को सबसे ज्यादा समस्या राजमार्ग पर हुई। वहां पर वाहन रेंग-रेंगकर चले। सर्दी के तेवर तीखे होने से इलेक्ट्रिक बाजार में गीजर, पानी गर्म करने की रॉड, रूम हीटर आदि की मांग बढ़ गई है। गर्म कपड़ों की खूब खरीदारी हो रही है।