भदोही पुलिस और क्राइम ब्रांच को मंगलवार की रात बड़ी सफलता मिली। मोबाइल छीनने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर 19 एंड्रायड मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद की गई।
पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोबाइल छीनने वाले गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया। उन्होंने बताया कि आठ नवंबर को जमुनीपुर कॉलोनी में महिला बैंककर्मी से बाइक सवार युवकों ने मोबाइल छीन लिया था। बीते 18 जनवरी को रजपुरा चौराहे के पास आकाश नामक युवक का मोबाइल छीनकर युवक भाग गए थे। कुछ और थानों में भी ऐसे मामले सामने आए। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर क्राइम ब्रांच और भदोही कोतवाली पुलिस को इस मामले का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया गया। पुलिस की छानबीन इलेक्ट्रानिक साक्ष्य के आधार पर मंगलवार की रात आठ बजे सरदार ढाबा के पास से पुलिस ने दीपक कुमार पासी निवासी हुलासपुर, आशुतोष निवासी ठकुरा रोड भदोही को गिरफ्तार कर लिया, जबकि गैंग में शामिल एक आरोपी भागने में सफल रहा। पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसके अलावा, उसके चचेरे भाई अमन और आशुतोष का एक संगठित गैंग है। भदोही व आसपास के जिलों में मोबाइल छीनने का काम करते हैं। जिले में एक साल में घटित होने वाले मामलों की बात पकड़े गए लोगों ने स्वीकार की। एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की। टीम में विनोद दूबे, बृजेश कुमार सिंह, सर्वेश राय, नरेंद्र सिंह, तुफैल अहमद, नागेंद्र यादव, अजय यादव, मन्नू सिंह, नीरज यादव, सुभाष सिंह, भदोही कोतवाल गगनराज सिंह आदि शामिल रहे।