घोसिया में लाभार्थियों को आवास प्रमाण पत्र देते औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर।
- फोटो : BHADOHI
घोसिया। नगर पंचायत घोसिया और खमरिया में आयोजित शिविर में बुधवार को प्रधानमंत्री आवास के दो सौ लाभार्थियों में प्रमाणपत्र का वितरण किया गया। औराई विधायक दीनानाथ भास्कर के हाथों प्रमाण पत्र पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई।
डूडा अधिकारी ऊषा त्रिपाठी ने बताया कि नगर पंचायत घोसिया में 2324 और खमरिया में 5231 प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति हुई है। इनमें से घोसिया में शेष रह गए 503, खमरिया के 1192 लाभार्थियों के खातों में तीसरी किस्त के रूप में 50-50 रुपये की धनराशि हस्तांतरित कराकर 100-100 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र का वितरण कराया गया। विधायक ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। गरीब, मजदूर, किसान परिवारों को मिलने वाली सुविधाओं के प्रस्ताव पर सरकार धन का आवंटन कर रही है। आने वाले समय में हर एक जरूरतमंद परिवार को आवास, शौचालय, विद्युतीकरण जैसी मूलभूत सुविधाएं दिलाने में कमी नहीं छोड़ी जाएगी। क्षेत्र और यहां की जनता को आश्वास्त किया कि उनका दरवाजा सभी के लिए खुला है। इस मौके पर चेयरमैन रजिया नुमान, चुन्नू दूबे, नुमान अहमद, जिलेदार सिंह, संतोष कुमार, रुखसार अहमद, समीर समेत सभासद, सभ्रांतजन उपस्थित रहे।