ज्ञानपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के परिसर में सड़क की स्थिति सुधारी जाएगी। यहां जिला पंचायत से कार्य कराया जाएगा। काम कराने के लिए मंगलवार को नापी आदि की कार्रवाई हुई। इससे अधिवक्ताओं में खुशी है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्य दत्त पांडेय के साथ ही कई अन्य अधिवक्ताओं ने जिला पंचायत अध्यक्ष को समस्याओं के बारे में बताया था। जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने इसे गंभीरता से लेते हुए काम का आश्वासन भी दिया था। उसी कड़ी में मंगलवार को बार के अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य अंजनी शुक्ला ने जेई के साथ करीब आठ सौ मीटर की सड़क की नापी कराई। बार अध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत से बनने वाली इस सड़क का लाभ वादकारियों के साथ ही अधिवक्ताओं को भी मिलेगा। यहां स्ट्रीट लाइट और पीने का शुद्ध पानी भी उपलब्ध होगा।