ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर एक गोपीपुर में बुधवार को भोर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, सुबह पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर पति सहित छह लोगों पर प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया।
पुलिस के अनुसार सुबह जानकारी मिली कि किसी विवाहिता की मौत हो गई है। मौके पर टीम पहुुंची तो विवाहिता के परिवार वालों ने बताया कि बाथरूम में गिरने से चंदा देवी (22) की मौत हो गई। वहां शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही थी, उसी बीच मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। उनका आरोप है कि विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। चंदा के पिता बालीपुर निवासी लालचंद गुप्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि कुछ वर्ष पहले पुत्री की शादी गोपीपुर निवासी संदीप के साथ की गई थी। आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दस लाख रुपये दहेज मांग रहे थे। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। इसी बीच सूचना मिली की विवाहिता की मौत हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज नहीं देने के कारण हत्या कर दी गई। चंदा से एक पुत्री भी है। उसने पति, सास, ससुर, जेठ, देवर, ननद आदि पर आरोप लगाया है। इस संबंध में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राम दरश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उधर, सीओ ज्ञानपुर भुवनेश्वर पांडेय ने भी मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।