ज्ञानपुर। कालीन नगरी में पवित्र सावन माह की खरीदारी तेजी से चल रही है। बाजार पूरी तरह से गुलजार हो चुके हैं। सावन की तैयारी को लेकर बाजारों में पूरी तरह से रौनक छा गयी है। यही वजह है कि दुकानदारों के चेहरे पर भी मुस्कान है।
ज्ञानपुर, गोपीगंज, सुरियावां, मोढ़, दुर्गागंज, भदोही आदि बाजारों में कोविड काल के बाद से सावन माह में पहली बार रौनक देखने को मिल रही है। सावन का पवित्र माह 14 जुलाई से शुरू हो रहा है। बीते साल की अपेक्षा इस साल अभी तक बाजारों में 30 फीसदी तेजी देखी गई है। दूसरी ओर महिलाओं ने भी तैयारी तेज कर दी हैं। चूड़ी के फुटकर और होलसेल विक्रेता ज्ञानपुर पुरानी बाजार के सागर गुप्ता ने बताया कि बाजार में तेजी आईं हैं। महिलाएं हरी चूड़ियां खरीद रही हैं। यह 25 से लेकर 100 रुपये दर्जन तक बिक रही हैं। ज्यादातर महिलाएं फैंसी और प्लेन चूड़ी खरीद रही हैं। साथ ही मेहंदी और नेचुरल लिपिस्टिक की मांग भी बढ़ी हैं। चूड़ी के साथ इसकी भी खरीददारी खूब हो रही है। हरे परिधानों की भी खरीदारी शुरू है।