भदोही। बुधवार की रात से रात भर हुई बारिश से शहरी जीवन अस्तव्यस्त हो गया। बारिश बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे बंद होने के बाद रुक रुक कर दिन भर होती रही। इससे शहर की प्रमुख सड़कों समेत गलियां जलमग्न हो गईं। हर तरफ पानी पानी दिखाई देने लगा। कस्बे के मुख्य मार्ग पर जलभराव में कार, बाइक वाले अपने वाहनों को खींचते दिखे। शाम तक पानी भरा हुआ था। लगातार बारिश से राजकीय अस्पताल, सिविल लाईन विद्युत उपकेंद्र, फत्तुपुर उपकेंद्र में पानी भर गया। स्टेशन रोड पर जलभराव से कई बैंकों में घुस पाना मुश्किल हो गया। जल्लापुर, नईबस्ती, बंधवा, घमहापुर, छेड़ीबीर, गुलालतारा, बूढ़ापट्टी, के निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया। आनंद नगर गजिया में जहां रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए बीते मार्च से खोदाई की गई है भारी खतरनाक हो गया तथा जलभराव से लोगों की दुकानें नहीं लग सकी। कई घरों में पानी घुसने से लोग पानी निकालने की कोशिश करते रहे।
रात हुई मूसलाधार बारिश के दौरान रुक रुक जोरदार बिजली कड़कती रही। गरज इतनी तेज थी कि लोग सहम जा रहे थे। आंधी तुफान से फत्तूपुर स्थित विद्युत सबस्टेशन सालिमपुर से पकरी आ रहे केबल पर पेड़ गिरने से विद्युत व्यवस्था छिन्न भिन्न हो गई। लोगों ने बताया कि बुधवार की शाम को ही आपूर्ति ठप हुई बिजली गुरुवार को सायं 4 बजे बहाल हो सकी। हालांकि इसके बाद भी देर रात तक बिजली आती जाती रही जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। अधिकारियों ने बताया कि कुल 13 पेड़ काट कर केबल को जोड़ कर आपूर्ति बहाल की गई।