संवाद न्यूज एजेंसीगोपीगंज। कोतवाली के बर्जी गांव में नहाने के दौरान गंगा में डूबी युवती का घटना के 24 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू में जुटी हुई है, लेकिन अब तक उसके हाथ खाली है।
बर्जी गांव निवासी गोपाल कृष्ण उपाध्याय की 27 वर्षीय पुत्री क्षमा उपाध्याय अपने माता चाची तथा अन्य परिवार की बहनों के साथ बर्जी घाट पर स्नान करने गई थी। नहाने के दौरान क्षमा का पैर फिसल गया और गहरे पानी में डूब गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस व स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक उसे ढूंढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बाद में एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू शुरू की। शाम ढलने के बाद अंधेरा होने पर रेस्क्यू बंद कर दिया गया। रविवार की सुबह एक बार फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है। इधर युवती के लापता होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।