भदोही कोतवाली क्षेत्र के मोढ़ इलाके में गुड़ बनाने के लिए उबाले जा रहे गन्ने के रस में गिरने से बृहस्पतिवार की शाम एक मासूम की मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम चार बहनों में इकलौता भाई था।
मोढ़ पुलिस चौकी के मकनपुर में शाम करीब पांच बजे गुड़ बनाने के लिए राजेंद्र यादव के दरवाजे पर कराहा (रस पकाने का पात्र) लकड़ी के चूल्हे पर चढ़ाया गया था। उसमें गन्ने का रस डालकर पकाया जा रहा था। इसी दौरान राजेंद्र का चार वर्षीय पुत्र सत्यम खेलते हुए आ गया। किसी की नजर नहीं पड़ी और वह कराहे में गिर गया। परिवार के लोग उसे निकालकर भदोही के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय सत्यम की मौत हो गई। राजेंद्र को कुल पांच संतानों में सत्यम इकलौता पुत्र था। इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि अवनीश ने बताया कि घटना के बाद उसे इलाज के लिए भदोही ले जाया गया, वहां से वाराणसी ले जाते समय मौत हो गई।