कालीन भवन में प्रेस वार्ता करते एकमा पदाधिकारीगण
- फोटो : BHADOHI
भदोही। कोरोना महामारी से निजात मिलने के बाद भदोही में इंडिया कारपेट एक्सपो आयोजन की नए सिरे से पहल होगी। बुधवार को लखनऊ में प्रदेश शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मिल कर लौटे आल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के प्रतिनिधियों ने लौट कर बताया कि इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गंभीर हैं। बुधवार को प्रमुख सचिव एमएसएमई नवनीत सहगर से वार्ता के दौरान भी यह गंभीरता स्पष्ट रूप से दिखा भी। बृहस्पतिवार को मर्यादपट्टी स्थित कालीन भवन में प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए एकमा पदाधिकारियों ने एमएसएमई प्रमुख सचिव के हवाले से बताया कि एक्सपो मार्ट के पास ही कारपेट सिटी में थ्री स्टार होटल के लिए जमीन चयनित कर ली गई है।
वार्ता में ऐकमाध्यक्ष ओएन मिश्र ने बताया कि प्रमुख सचिव ने बातचीत के दौरान न केवल जमीन चिह्नित होने का खुलासा किया बल्कि एक्सपो आयोजक कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) चेयरमैन से अगला एक्सपो भदोही में कराने की भी बात कही। जिस पर सीईपीसी अध्यक्ष सिद्धनाथ सिंह ने उन्हें मार्च में नई दिल्ली के बजाए भदोही में ही एक्सपो आयोजित करने का भरोसा दिलाया। प्रमुख सचिव ने हम लोगों को यह भी भरोसा दिलाया कि एक्सपो आयोजन के साथ ही भदोही की ढांचागत समस्याओं का भी निराकरण हो जाएगा। वार्ता में उपाध्यक्ष हाजी अब्दुल हादी, हाजी शाहिद हुसैन, रवि पाटोदिया, संजय गुप्ता, शिवसागर तिवारी, जयप्रकाश गुप्ता, अशफाक अंसारी, एचएन मौर्य, शाहिद अंसारी आदि भी रहे।
--
केंद्र की अमृत कलश योजना में भदोही शामिल
भदोही। जिले को भी केंद्र सरकार की अमृत कलश योजना में शामिल कर लिया गया है। बुधवार को लखनऊ में प्रमुख सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल से मिल कर लौटे एकमा पदाधिकारियों ने बताया कि अमृत कलश योजना में शहरों के कायाकल्प का प्रावधान है। जब उन लोगों ने प्रमुख सचिव के समक्ष कालीन औद्योगिक नगरी की ढांचागत समस्याएं रखी तो उन्होंने जनपद को योजना में शामिल करने के आदेश दिए।
अधिकारियों से मिल कर लौटे एकमा पदाधिकारियों ने बताया कि प्रमुख सचिव ने काफी समय दिया और हमारी सभी प्रमुख समस्याओं पर बारी बारी से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भदोही के रेवड़ापरसपुर मार्ग, इंदिरा मिल ओवर ब्रिज की सर्विस लेन के निर्माण के लिए हरी झंडी तो मिल चुकी है लेकिन बारिश थमने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि गजिया ओवर ब्रिज से प्रभावित हो रहे भवन स्वामियों को शीघ्र मुआवजे की रकम अदायगी होगी। यह भी बताया कि रेलवे फाटक मार्ग तो खोले रखने संबंधी जिलाधिकारी भदोही के पत्र को रेलमंत्रालय को अग्रसारित किया गया है। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी से उनकी पहली बार मुलाकात हुई है। प्रमुख सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी से श्रम कानून, कालीन निर्यात, बुनकरों और महिलाओं को रोजगार को लेकर काफी देर तक चर्चा हुई। उन्होंने एकमा से बिंदुवार अपनी आवश्यकताएं बाकायदा प्रस्ताव बनाकर देने का निर्देश दिया। यह भी कहा कि उनकी प्रत्येक मांग पर चर्चा के बाद गुण दोष के आधार पर हल की जाएगी।