जिले में बिना पंजीकरण के संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर व क्लिनिक पर शुक्रवार को जिला प्रशासन की टीम ने छापा मारा। इस दौरान जांच के बाद एसडीएम ज्ञानपुर चंद्रशेखर ने अल्ट्रासाउंड सेंटर व क्लिनिक को सील करा दिया। गोपीगंज सीएचसी के अधीक्षक आशुतोष पांडेय की तहरीर पर गोपीगंज कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
गौरतलब हो कि अधिवक्ता आदर्श त्रिपाठी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज के समीप कई साल से अवैध ढंग से संचालित जीवन रक्षा अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद तत्कालीन सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर सेंटर को बंद करने का निर्देश दिया गया, लेकिन वह बंद नहीं हो सका। इसके बाद शुक्रवार को एसडीएम चंद्रशेखर ने उक्त सेंटर को सील कराया। अधीक्षक आशुतोष पांडेय की तहरीर पर अल्ट्रासाउंड संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसी तरह सुंदरपुर में डॉ. वीएन यादव की अवैध ढंग से संचालित क्लिनिक सील कर विधिक कार्रवाई की गई।
इस संबंध में एसडीएम ने बताया कि पूर्व में दोनों अवैध सेंटरों को बंद करने की नोटिस दी गई थी, लेकिन उनकी मनमानी जारी रही। जिसके तहत दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बताते चलें कि जिले के गोपीगंज, चौरी, महराजगंज, त्रिलोकपुर नहरा, माधोसिंह, घोसियां, जंगीगंज, सुभाषनगर, अईनछ समेत अन्य छोटे और बड़े बाजारों में 100 से अधिक अवैध क्लिनिक बिना पंजीकरण के संचालित है। स्वास्थ्य विभाग की कृपा से उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।